गढ़वा. झामुमो के मीडिया पैनलिस्ट सह केंद्रीय सदस्य धीरज दुबे ने गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने विधायक पर झूठ बोलने, जनता को ठगने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया. धीरज ने कहा कि विधायक जनहित के मुद्दों के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणी और विपक्षी कार्यकर्ताओं के निजी मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं.
81 चापाकलों पर उठाये सवाल
धीरज दुबे ने पिछले वर्ष लगाये गये 81 चापाकलों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इनमें 24 अकेले उड़सूगी पंचायत में लगाये गये. उन्होंने जरूरतमंदों के बजाय संपन्न लोगों को कथित रूप से 10 हजार रुपये लेकर चापाकल देने का आरोप लगाया. कई जगह निर्धारित 210 फीट के बजाय 60-70 फीट बोरिंग कराने का भी आरोप लगाया. उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की.
50 हजार बनाम 37,51,939 रुपये का मुद्दा
धीरज ने विधायक के चुनावी खर्च पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि विधायक इसे 50 हजार रुपये बताते हैं, जबकि हलफनामे में 37,51,939 रुपये दर्ज हैं.
उन्होंने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, बिजली और खराब ट्रांसफॉर्मरों के मुद्दे पर भी विधायक को घेरा.
बालू मामले में संरक्षण देने का आरोप
बालू मामले को लेकर भी धीरज दुबे ने विधायक पर संरक्षण देने का आरोप लगाया. उन्होंने महूलिया में बालू लदे ट्रैक्टर से दो लोगों की मौत का जिक्र किया.
धीरज ने कहा कि व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणी करने से जनता की समस्याएं हल नहीं होंगी. मौके पर शरीफ अंसारी, चंदन जायसवाल, चंदन पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
