Garhwa Domestic Dispute, गढ़वा, (प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट): गढ़वा जिले के बिशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरी खुर्द गांव में शनिवार को एक महिला ने पारिवारिक कलह से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास किया. महिला ने घर में रखे ब्लेड से अपने गले पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया. परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें जिला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायल महिला की पहचान राजेंद्र भुइयां की पत्नी अनीता देवी के रूप में की गई है.
पति की बेवफाई से बढ़ी मानसिक परेशानी
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अनीता देवी पिछले काफी समय से मानसिक तनाव और आक्रोश में थी. इसका मुख्य कारण उनके पति राजेंद्र भुइयां का व्यवहार था. बताया जा रहा है कि राजेंद्र अपनी पत्नी को छोड़कर किसी दूसरी महिला के साथ कहीं चला गया है. इस घटना के बाद से ही अनीता का मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा था और वह अक्सर परेशान रहती थी.
Also Read: एक पति-दो पत्नियां और सड़क पर महासंग्राम, पहली ने दूसरी बीवी को किया लहूलुहान
चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन, अस्पताल में भर्ती
शनिवार को जब तनाव असहनीय हो गया, तो अनीता ने ब्लेड से अपने गले पर हमला कर दिया. उनकी चीख सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने अनीता को लहूलुहान हालत में पाया. अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि घाव काफी गहरा है, लेकिन समय पर इलाज मिलने के कारण फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. वह अभी डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं.
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या महिला को उकसाने के पीछे कोई अन्य कारण भी था. परिजनों का कहना है कि पति के घर छोड़ने के कारण ही महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया है.
Also Read: आखिरी सांस लेने से पहले माओवादी नेता किशन दा का आखिरी खत, मिसिर बेसरा को भेजा था संदेश
