गढ़वा से प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट
Garhwa Crime News, गढ़वा : गढ़वा जिले के श्री वंशीधर नगर थाना क्षेत्र स्थित जंगीपुर गांव में बुधवार की देर रात एक शादी समारोह के दौरान अज्ञात अपराधियों ने बड़ी घटना अंजाम दिया. यहां एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया. इस वारदात के बाद शादी के जश्न का माहौल अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घायल युवक की पहचान जंगीपुर गांव निवासी शंकर उरांव के पुत्र गोविंद उरांव के रूप में की गई है.
अपराधियों ने पीछे से मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार, गोविंद उरांव बुधवार की रात अपने किसी परिजन को मोटरसाइकिल से छोड़कर वापस अपने नाना-नानी के घर जंगीपुर लौट रहा था. गांव में ही एक शादी समारोह का उत्सव चल रहा था और लोग जश्न में डूबे थे. गोविंद जैसे ही नाना-नानी के घर पहुंचने वाला था, उससे कुछ ही दूरी पहले पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए बेखौफ अपराधियों ने उस पर निशाना साधते हुए गोली चला दी. गोली उसकी पीठ को भेदते हुए सीधे गले में जाकर फंस गई. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से तेजी से फरार हो गए.
Also Read: साहिबगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिहार के तीन सहित ब्राउन शुगर के चार तस्कर गिरफ्तार
रिम्स रेफर, गले में फंसी है गोली
गोली लगने के बाद गोविंद लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल श्री बंशीधर नगर में भर्ती कराया. वहां, डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन उसकी अत्यंत गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत गढ़वा सदर अस्पताल रिफर कर दिया. गढ़वा सदर अस्पताल में भी स्थिति नियंत्रित न होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स (RIMS) भेज दिया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
हमलावर को पहचान सकता है पीड़ित
मिली जानकारी के मुताबिक, घायल गोविंद उरांव हमलावर अपराधी को पहचान सकता है. लेकिन फिलहाल हालत बेहद नाजुक होने और गले में गोली फंसे होने के कारण वह कुछ भी बोल पाने या स्पष्ट रूप से नाम बता पाने की स्थिति में नहीं है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है. पुलिस इस बिंदु को बेहद गंभीरता से लेकर छानबीन कर रही है और युवक के होश में आकर बयान देने की स्थिति में आने का इंतजार कर रही है. कयास लगाया जा रहा है कि इस जानलेवा हमले के पीछे कोई पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या फिर कोई अन्य गंभीर वजह हो सकती है. पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
Also Read: Sahibganj: अपहरण से हत्या तक की साजिश का खुलासा, मरांग टुडू मर्डर मिस्ट्री का आरोपी गिरफ्तार
