गढ़वा : भौंराहा जंगल में कोरवा बस्ती पहुंचे एसडीएम, जरूरतमंदों के बीच बांटी राहत सामग्री

Garhwa News: गढ़वा के भौंराहा जंगल पहुंचे एसडीएम संजय कुमार ने कोरवा आदिम जनजाति परिवारों की समस्याएं सुनीं. जरूरतमंदों के बीच चप्पल-जूते बांटकर राशन, पानी और सड़क जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट 

Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले में जंगल की कंदराओं और शहर की चकाचौंध से कोसों दूर बसे आदिम जनजाति कोरवा परिवारों के चेहरों पर एक अलग ही उम्मीद देखने को मिल रहा है. वजह है बीते कल (रविवार) यानी 17 मई को इलाके के एसडीएम का अचानक उनके बीच पहुंचना. छुट्टी के दिन दफ्तर की फाइलों से दूर, गढ़वा के सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार  मेराल प्रखंड के सुदूर और घने भौंराहा जंगल स्थित कोरवा आदिम जनजाति बस्ती पहुंचे और उनकी सुध ली.

जरूरतमंदों के बीच बांटे चप्पल-जूते

भौंराहा जंगल के बीच बसे इस इलाके में महज एक दर्जन से अधिक कोरवा परिवार रहते हैं. जब एसडीएम संजय कुमार इस दुर्गम क्षेत्र में पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि कड़कड़ाती धूप और पथरीली जमीनों पर चलने के बावजूद कई बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के पैरों में चप्पल तक नहीं थी. प्रशासनिक संवेदनशीलता दिखाते हुए एसडीएम ने मौके पर ही बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, कुल 35 जरूरतमंद लोगों के बीच चप्पल, जूते और अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया. चप्पल-जूते पाकर आदिम जनजाति के परिवारों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस मानवीय पहल के लिए प्रशासन का आभार जताया. 

परिवारों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं

सिर्फ सामग्री बांटने तक ही यह दौरा सीमित नहीं रहा. एसडीएम ने झोपड़ियों में जाकर परिवारों से सीधी बात की. उन्होंने कोरवा परिवारों से पूछा कि उन्हें डीलर से राशन समय पर मिलता है या नहीं?  पीने के पानी की क्या व्यवस्था है? और सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाएं उन तक पहुंच रही हैं या नहीं?  

मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा

एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि  इन परिवारों तक विकास की मुख्यधारा को पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है. इस सुदूर बस्ती में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों की जो भी न्यूनतम और मूलभूत आवश्यकताएं (राशन, पानी, सड़क) हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा. इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को धरातल पर काम करने के कड़े निर्देश जारी किए जा रहे हैं. सदर एसडीएम के इस संवेदनशील दौरे और निरीक्षण के दौरान उनके साथ अनिल कुमार, रविंद्र कुमार पासवान, जैनुल अंसारी, प्रिंस कुमार समेत कई स्थानीय लोग और कर्मी उपस्थित थे, जिन्होंने ग्रामीणों के बीच राहत सामग्री पहुंचाने में सहयोग किया.

यह भी पढ़ें : बाबा दरबार पहुंचीं झरिया विधायक, कहा : राज्य में विकास कार्यों पर लगा ब्रेक

यह भी पढ़ें : बोकारो के सेक्टर-1 में युवक को मारी गोली, अस्पताल में चल रहा इलाज 

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya Gupta

प्रिया गुप्ता डिजिटल मीडिया में कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में कार्यरत हैं. वह पिछले एक साल से कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में काम कर रही हैं. इससे पहले वह नेशनल प्रिंटर और लोकल चैनलों में काम कर चुकी हैं. अभी वह झारखंड की खबरों पर काम करती हैं और SEO के अनुसार कंटेंट लिखती हैं. प्रिया आसान और साफ भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाने में विश्वास रखती हैं. वह ट्रेंडिंग खबरों, झारखंड से जुड़े मुद्दों और लोगों से जुड़ी खबरों पर फोकस करती हैं. उनकी कोशिश रहती है कि पाठकों को सही और भरोसेमंद जानकारी सरल शब्दों में मिले.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >