रमकंडा,पलामू: रमकंडा थाना क्षेत्र के बरवा गांव में गुरुवार शाम वज्रपात की चपेट में आने से चार वर्षीय बच्ची रितिका टोप्पो की मौत हो गयी। वह इसदोर टोप्पो की पुत्री थी।
जानकारी के अनुसार, रितिका दो अन्य बच्चों के साथ घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर वह अपने घर लौट रही थी। रास्ते में अचानक वज्रपात की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गयी। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी।
घटना की सूचना मिलने पर पंचायत की मुखिया ललिता लकड़ा और समाजसेवी शिवलखन लकड़ा मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और सरकारी प्रक्रिया के तहत हरसंभव सहायता एवं मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
