प्रतिनिधि, गढ़वा जिले में अवैध खनन के विरुद्ध प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार किया है. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिनेश यादव के निर्देश पर बुधवार की देर रात चलाये गये विशेष अभियान में अवैध खनन कार्य में संलिप्त चार ट्रैक्टर को जब्त किया गया. जिला खनन विभाग की टीम ने बुधवार रात लगभग 12:30 बजे कल्याणपुर एनएच बायपास रोड के समीप सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान वहां से अवैध बालू व गिट्टी लदे तीन ट्रैक्टर को पकड़ा गया. वहीं, इसी अभियान के तहत टीम ने संग्रहे मुख्य मार्ग के पास से एक अन्य ट्रैक्टर को भी जब्त किया. जब्त किये गये सभी वाहनों को तत्काल गढ़वा थाना के सुपुर्द कर दिया गया है. संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव ने बताया कि जिले में किसी भी हाल में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उपायुक्त के निर्देश पर विभिन्न क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध इस तरह के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे.
अवैध खनन में संलिप्त चार ट्रैक्टर जब्त
अवैध खनन में संलिप्त चार ट्रैक्टर जब्त
