व्यवसायी पर गोली चलाने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

व्यवसायी पर गोली चलाने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

गढ़वा.

गढ़वा पुलिस ने शहर के मेन रोड स्थित विराट रेस्टोरेंट के संचालक सोनू केशरी पर गोली चालन की घटना का उद्भेदन करते हुए हथियार व गोली के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के हरिनामांड़ गांव निवासी कृष्णानंद तिवारी का पुत्र सुशील कुमार तिवारी उर्फ छोटू तिवारी, गढ़वा शहर के दीपवां मोहल्ला निवासी सत्येंद्र तिवारी का पुत्र ज्ञानप्रकाश तिवारी उर्फ राजन तिवारी, शहर के गढ़देवी मुहल्ला निवासी स्वर्गीय सिंहासन प्रसाद का पुत्र रितेश रंजन उर्फ बंपी पटवा एवं गढ़देवी मुहल्ला के ही स्वर्गीय प्रेमराम चंद्रवंशी का पुत्र रवि चंद्रवंशी शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्तौल, एक लोडेड देशी कट्टा, 8 मिमी की एक जिंदा गोली तथा घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की है. पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडेय ने शनिवार को एक प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 15 मई की रात्रि 11.58 बजे मेन रोड स्थित विराट रेस्टोरेंट के संचालक सोनू केशरी पर फायरिंग की गयी थी. सोनू कुमार केशरी ने 16 मई को इस संबंध में गढ़वा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी.

40 रु के लिए चली थी गोली : पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर एसडीपीओ नीरज कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की थी. उक्त टीम के अनुसंधान के क्रम में जानकारी मिली कि छोटू तिवारी अपने दोस्तों के साथ करीब 11 बजे शराब लेने विराट रेस्टोरेंट गया था. उक्त लोगों ने तीन बोतल बियर खरीदी. सोनू ने बियर की कीमत 600 रुपए की मांग की. उन्होंने बताया कि रवि चंद्रवंशी ने 600 रु की जगह 560 रुपये का ही भुगतान किया. इधर 40 रुपये कम मिलने पर सोनू केशरी व छोटू तिवारी के बीच बहस हो गयी. विवाद बढ़ने पर छोटू तिवारी ने सोनू कुमार पर फायरिंग कर दी. उन्होंने बताया कि इसमें किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई है.

23 मई की रात हुई गिरफ्तारी : पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज किये जाने के बाद 23 मई की रात गुप्त सूचना के आधार पर पिस्तौल के साथ छोटू तिवारी को गिरफ्तार किया. इसके बाद छोटू तिवारी के सहयोगी राजन तिवारी के घर से एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया. इस घटना में शामिल एक अन्य अभियुक्त दीपक तिवारी फरार है. एसपी ने बताया कि उसे भी पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी. गिरफ्तार लोगों का है आपराधिक इतिहास : एसपी ने बताया कि उक्त चारों का आपराधिक इतिहास रहा है. छोटू तिवारी पर छह मामले दर्ज हैं. राजन तिवारी पर रातू थाना सहित अन्य थानों को मिलाकर तीन मामले दर्ज हैं. इसी तरह से रितेश रंजन व रवि चंद्रवंशी पर भी एक-एक मामला दर्ज है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सीसीए का प्रस्ताव भेजा जायेगा.

घर में भी शराब बेचने की जानकारी : एसपी ने बताया कि घर में शराब बेचना भी अपराध है. इसे लेकर भी पुलिस अनुसंधान कर रही है. सूचना मिली है कि शिकायतकर्ता सोनू अपने घर में भी शराब बेचता है. इस पर भी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि व्यवसाय की सुरक्षा सर्वोपरि है. गढ़वा शहर में इस तरह की जहां कही भी घटना की आशंका होती है, तो व्यवसायी पुलिस को सूचना दें, पुलिस तत्काल कारवाई करेगी. उन्होंने बताया कि सोनू केशरी पर फायरिंग की घटना की सूचना पुलिस को दूसरे दिन दी गयी थी. ऐसे में पुलिस को कारवाई करने में काफी परेशानी होती है. छापामारी में शामिल पुलिस कर्मी : इस छापेमारी अभियान में प्रशिक्षु डीएसपी चिरंजीवी मंडल, थाना प्रभारी बृज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गुलशन कुमार, जनार्दन राउत, सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सिंह, आरक्षी मनोज यादव, अभिमन्यु कुमार, बनवारी प्रसाद गुप्ता, राजेश पाल, चालक आरक्षी कृष्णा राम व हवलदार चालक रामाशंकर राय सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >