Garhwa News : गढ़वा में 220 किलो मिलावटी रसगुल्ला नष्ट, दो कारखाने सील

श्री बंशीधर नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। दो कारखाने सील किए गए और भारी मात्रा में संदिग्ध मिठाई नष्ट की गई।

श्री बंशीधर नगर,गढ़वा: रक्षाबंधन को देखते हुए जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है. उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने श्री बंशीधर नगर में कई मिठाई दुकानों और कारखानों की जांच की. इस दौरान मानकों का उल्लंघन, गंदगी और रासायनिक रंगों का इस्तेमाल मिलने पर दो मिठाई कारखानों को सील कर दिया गया. दोनों प्रतिष्ठानों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.

शिवम स्वीट्स के कारखाने में मिली गंदगी, हाइड्रा जब्त

अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरएस सिंह, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी किरण हेमब्रम और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल के नेतृत्व में मेन रोड, पूर्णानगर, चेचरिया और हनुमान मोड़ स्थित दुकानों व कारखानों का निरीक्षण किया गया.

पूर्णानगर स्थित शिवम स्वीट्स के कारखाने में भारी गंदगी और जलजमाव मिला. जांच के दौरान मिठाई की चाशनी साफ करने के लिए इंडस्ट्रियल यूज में आने वाले हाइड्रा का इस्तेमाल किये जाने की बात सामने आयी. टीम ने मौके से हाइड्रा जब्त कर लिया. वहीं शिवम स्वीट्स कारखाने से 120 किलो रसगुल्ला नष्ट कराया गया.

न्यू शिवम स्वीट्स के कारखाने से भी 100 किलो संदिग्ध रसगुल्ला नष्ट कराया गया. दोनों प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर नगर पंचायत की टीम ने कारखानों को अगले आदेश तक सील कर दिया.

हनुमान मोड़ स्थित अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट में सड़ा-गला पनीर मिलने पर उसे भी नष्ट कराया गया.

खप्पर बाबा स्वीट्स में व्यवस्था मिली दुरुस्त

निरीक्षण के दौरान मेन रोड स्थित खप्पर बाबा स्वीट्स के कारखाने में सफाई और अन्य व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप पायी गयीं. यहां से एहतियातन रसगुल्ला और परवल मिठाई का सैंपल लिया गया.

इसके अलावा संतोष स्वीट्स, सुमित स्वीट्स, बंशीधर स्वीट्स और श्री लक्ष्मी हरी स्वीट्स की भी जांच की गयी.

बिना लाइसेंस कारोबार पर कार्रवाई की चेतावनी

अभिहित अधिकारी डॉ. आरएस सिंह और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी किरण हेमब्रम ने मिठाई विक्रेताओं को खाद्य लाइसेंस के साथ कारोबार करने की हिदायत दी. उन्होंने मिठाइयों को ढककर रखने, कृत्रिम और घातक केमिकल रंगों का इस्तेमाल नहीं करने तथा परिसर में स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया.

अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों तक यह विशेष जांच अभियान पूरे जिले में जारी रहेगा.

220 किलो रसगुल्ला नष्ट, सैंपल जांच के लिए भेजे

शिवम स्वीट्स से 120 किलो और न्यू शिवम स्वीट्स से 100 किलो संदिग्ध रसगुल्ला नष्ट कराया गया. मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले इंडस्ट्रियल हाइड्रा को जब्त किया गया. इसके अलावा अत्यधिक हरे रंग वाली 10 किलो परवल मिठाई नष्ट करायी गयी.

दोनों कारखानों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. खोआ, छेना और परवल मिठाई के विभिन्न सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गये.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Avinash singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >