मानव मूल्यों के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है शिक्षा : डीसी

टाउन हॉल में ‘गढ़वा लर्न, गढ़वा लीड्स’ अभियान की हुई शुरुआत

टाउन हॉल में ‘गढ़वा लर्न, गढ़वा लीड्स’ अभियान की हुई शुरुआत प्रतिनिधि, गढ़वा शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और जिला स्तर पर शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शनिवार को टाउन हॉल में गढ़वा लर्न, गढ़वा लीड्स कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मियों को सकारात्मक ऊर्जा के साथ कार्य करने की शपथ दिलायी गयी. उपायुक्त दिनेश यादव ने कहा कि शिक्षा मानव मूल्यों के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है. उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. अगर हम नकारात्मकता त्याग कर सकारात्मक ऊर्जा के साथ कार्य करें, तभी वास्तविक विकास संभव है. उपायुक्त ने बताया कि यह कार्ययोजना डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन इनोवेशन चैलेंज और परफॉर्मेंस रिव्यू इंडिकेटर में गढ़वा के प्रदर्शन को शीर्ष पर ले जाने के लिए तैयार की गयी है. इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिलास्तर पर एक विशेष कार्यदल का भी गठन किया गया है. कई उप-योजनाएं होंगी संचालित जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस अभियान के तहत मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की गयी है. इसके अंतर्गत कई महत्वपूर्ण उप-योजनाएं संचालित होंगी, जिसमें बच्चों में बोलेने का आत्मविश्वास जगाने और मंच का भय दूर करने के लिए मिशन रेड अलर्ट व गढ़वा स्पीक्स, बच्चों को आधुनिक तकनीक से शिक्षा देने के लिए स्मार्ट क्लास व परख योजनाएं चलायी जायंगी. इसके अलावा पीएम पोषण, ग्रीन स्कूल-क्लीन स्कूल, इग्नाइट इनोवेशन, डेस्टिनेशन और ””फ्रॉम एजुकेशन टू प्रोस्पेरिटी”” जैसी पहल की जायेंगी. साथ ही, बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जायेगा. शिक्षकों से दायित्वों के प्रति सजग रहने की अपील सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने भी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार पर अपने विचार साझा किये. उन्होंने प्रखंड स्तरीय नोडल शिक्षकों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने की अपील की. कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, डालसा सचिव एनआर लकड़ा सहित बड़ी संख्या में प्रधानाचार्य और शिक्षक उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >