रमकंडा (गढ़वा): गणेश चतुर्दशी के अवसर पर रकसी पंचायत के बेलवादामर गांव में सोमवार की देर रात भक्ति जागरण का आयोजन किया गया. जागरण में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए. भक्ति गीतों की प्रस्तुति से देर रात तक पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा.
अतिथियों ने फीता काटकर किया जागरण का शुभारंभ
भक्ति जागरण का शुभारंभ झामुमो प्रखंड अध्यक्ष संजय यादव, उपप्रमुख पति निरंजन यादव और समाजसेवी रामाकांत राम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इसके बाद अतिथियों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की.
ये भी पढ़ें- झारखंड में 16 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी
भक्ति गीतों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु
जागरण कार्यक्रम में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किये. भक्ति गीतों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला. मौके पर सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, रामचंद्र सिंह, सीताराम यादव, ललन यादव, सकळदेव सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
