14 जनवरी से गायब था मृतक मुन्ना राम प्रतिनिधि, केतार चटनिया डैम के भगवान घाटी के पास शुक्रवार को दलित टोला निवासी मुन्ना राम का शव मिला. डैम में शव को देखते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. घटना की जानकारी मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, सब इंस्पेक्टर चंदन शाह, आदित्य कुमार, एएसआइ वेंकटेश शर्मा और सुदामा पांडेय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू दी है. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं मृतक के परिजनों ने बताया कि मुन्ना राम बीते 14 जनवरी को मकर संक्रांति का मेला देखने गांव के ही एक युवक के साथ निकला था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा. इस संबंध में केतार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी गयी थी. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश और डर का माहौल है. बता दें कि 10 दिन पहले भी चटनिया डैम से एक वृद्ध का शव बरामद किया गया था. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र के लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
