भवनाथपुर में यात्री शेड में मिली लाश, सिर पर गोली का निशान

भवनाथपुर में यात्री शेड में मिली लाश, सिर पर गोली का निशान

भवनाथपुर (गढ़वा) भवनाथपुर थाना क्षेत्र के असनाबांध यात्री शेड में शनिवार की सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक के सिर में नजदीक से गोली मारी गयी थी. पुलिस ने मृतक के पास से शराब की खाली बोतल और झाड़ियों से एक झोला बरामद किया है, जिसमें मौजूद पहचान पत्र के आधार पर मृतक की पहचान पांडू (पलामू) निवासी रूखी रजवार के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार, ग्रामीण शनिवार सुबह जब बकरी चराने निकले, तो उन्होंने असनाबांध यात्री शेड में एक व्यक्ति को खून से लथपथ पड़ा देखा. इसकी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रंजनी रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. घटना की गंभीरता को देखते हुए श्री वंशीधर नगर एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह और पुलिस निरीक्षक गुलाब सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की. पुलिस को घटनास्थल से शराब की खाली बोतल और बिखरा हुआ हरा मटर मिला है. साथ ही घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में पुलिस को एक लाल रंग का झोला और कमंडल मिला. आशंका जतायी जा रही है कि मृतक के साथ कुछ और लोग भी वहां मौजूद थे और सभी ने साथ बैठकर शराब पी और जब मृतक नशे में हो गया, तो अपराधियों ने कट्टा से उसके सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गयी. वहीं घटना को लेकर इलाके में चर्चा है कि मृतक पलामू के पांडू थाना क्षेत्र से यहां झाड़-फूंक करने आया होगा और किसी विवाद में उसकी हत्या कर दी गयी.

कोट

एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है, जिसके सिर पर गोली लगने के निशान हैं. झोले से मिले कागजातों के आधार मृतक की पहचान की गयी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया गया है. फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है.

— सत्येन्द्र नारायण सिंह, एसडीपीओ, श्री वंशीधर नगर

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >