कलवार ब्याहुत जयसवाल समाज ने किया आयोजन प्रतिनिधि, गढ़वा नवरात्र के अवसर पर कलवार ब्याहुत जयसवाल समाज की ओर से शनिवार की रात शहर के जोड़ा मंदिर परिसर में भव्य डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर समाज की महिलाओं के साथ-साथ अन्य समाज की महिलाओं ने भी पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया और गरबा-डांडिया के माध्यम से माता रानी की आराधना की. वातावरण में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला. कार्यक्रम का शुभारंभ कलवार ब्याहुत जयसवाल समाज की महिला अध्यक्ष विनीता आनंद, कंचन जायसवाल, शालिनी गुप्ता, पुष्पा देवी और छवि गुप्ता ने मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया. वहीं समाज के पुरुष अध्यक्ष विनोद जायसवाल उर्फ नेताजी, पीएन गुप्ता और बृज बिहारी प्रसाद ने भी कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. डांडिया के दौरान महिलाएं पारंपरिक गीतों की धुन पर झूम उठीं. रंग-बिरंगी वेशभूषा और समूह में किए गए मनमोहक डांडिया नृत्य ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया. उपस्थित लोगों ने इस दृश्य को भावनात्मक और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज की अध्यक्ष विनीता आनंद ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में भेदभाव को समाप्त कर सभी को एकजुट करना है. उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार तभी सार्थक होते हैं जब हम सब मिलकर उन्हें मनायें. इस तरह के कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं बल्कि यह आपसी भाईचारा, एकता और सद्भावना को मजबूत करने का कार्य भी करते हैं. कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच हलवा प्रसाद का वितरण किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
