नया कनेक्शन बहाल होने तक टाउनशिप में बिजली कटौती रोक

श्री वंशीधर नगर के एसडीओ ने बैठक में दिया निर्देश

श्री वंशीधर नगर के एसडीओ ने बैठक में दिया निर्देश प्रतिनिधि, भवनाथपुर भवनाथपुर सेल टाउनशिप में गहराते बिजली संकट को लेकर शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय में श्री वंशीधर नगर के एसडीओ प्रभाकर मिर्धा की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में एसडीओ ने सेल प्रबंधन के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि जब तक टाउनशिप में वैकल्पिक बिजली कनेक्शन की पूर्ण बहाली नहीं हो जाती, तब तक वर्तमान बिजली व्यवस्था को किसी भी कीमत पर बाधित नहीं किया जायेगा. एसडीओ प्रभाकर मिर्धा ने सेल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रबंधन बिजली आपूर्ति में भेदभाव करना बंद करे. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि टाउनशिप में 200 और 600 का खेल अब नहीं चलेगा. उन्होंने प्रबंधन को निर्देश दिया कि वे सभी उपभोक्ताओं के साथ समान व्यवहार करें और किसी भी प्रकार की मनमानी न करें. प्रशासन का यह कड़ा रुख सेल द्वारा 25 अप्रैल से बिजली काटने की दी गयी लिखित चेतावनी के बाद सामने आया है. मालूम हो कि मार्च माह में सेल प्रबंधन ने टाउनशिप के 736 आवासों को अवैध बताकर बिजली काट दी थी, जबकि 210 आवासों को ही वैध माना था. इस भेदभाव के खिलाफ वर्तमान विधायक अनंत प्रताप देव ने विधानसभा में आवाज उठायी थी. वहीं, सात अप्रैल को पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने धनबाद सांसद ढुलू महतो के साथ बोकारो स्टील प्लांट के ईडी से मुलाकात कर बिजली बहाल रखने की चेतावनी दी थी. बैठक में बिजली विभाग के एसडीओ, भवनाथपुर इंस्पेक्टर गुलाब सिंह, थाना प्रभारी, सेल के उपमहाप्रबंधक श्याम उज्जवल मेदा आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >