गढ़वा. समाहरणालय सभागार में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में आजीविका संवर्धन और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी.
स्वयं सहायता समूहों के गठन व विस्तार
इस दौरान स्वयं सहायता समूहों के गठन व विस्तार, एनआरएलएम, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, एफएनएचडब्ल्यू, एसवीईपी, लखपति दीदी अभियान, क्रेडिट लिंकेज, रिवॉल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश निधि और मुद्रा लोन सहित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार जानकारी ली गयी. कुछ योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं मिलने पर डीसी ने नाराजगी जतायी. उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले संबंधित प्रखंड परियोजना प्रबंधकों (बीपीएम) को फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार करने और अगली बैठक तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया.
ये भी पढ़ें: गढ़वा में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की समीक्षा, 1 अक्टूबर 2026 तक 18 साल पूरा करने वाले युवाओं को जोड़ने का निर्देश
समूहों से जोड़ने के लिए विशेष अभियान
डीसीने सभी पात्र परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा. उन्होंने समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए नियमित प्रशिक्षण, क्षमता विकास और मार्गदर्शन देने पर जोर दिया. साथ ही बैंकों में लंबित ऋण मामलों का शीघ्र निष्पादन कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जेएसएलपीएस की योजनाएं ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने में महत्वपूर्ण हैं. इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बैठक में जिला परियोजना प्रबंधक विमलेश शुक्ला, सभी बीपीएम, आजीविका समन्वयक और संबंधित कर्मी उपस्थित थे.
