गढ़वा. मेराल थाना प्रभारी के कार्यशैली को लेकर गढ़वा के भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए मेराल थाना प्रभारी पर तानाशाही, पक्षपातपूर्ण रवैये और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं. विधायक ने कहा कि क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों और पीड़ित ग्रामीणों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं, कि थाने में आम जनता को न्याय देने के बजाय प्रताड़ित किया जा रहा है.
एसपी से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
भाजपा विधायक ने कहा कि उन्होंने पूर्व में भी गढ़वा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की थी. लेकिन अब तक कोई ठोस कदम या निष्पक्ष जांच नहीं की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी सत्ताधारी दल के इशारे पर काम कर रहे हैं और आम जनता का उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
आयकर विभाग व गृह मंत्रालय से शिकायत की चेतावनी
सत्येंद्र नाथ तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मेराल थाना प्रभारी के खिलाफ अविलंब निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे इसके खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले की जांच के लिए वे आयकर विभाग और गृह मंत्रालय साथ ही भारत सरकार को भी पत्र लिखेंगे. विधायक के इस बयान के बाद जिले की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.
