भवनाथपुर में ईद मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस, नारों से गूंजा क्षेत्र

भवनाथपुर में ईद उल मिलादुन्नबी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मुस्लिम समुदाय ने जुलूस निकालकर आपसी भाईचारे और अमन-शांति का संदेश दिया।

भवनाथपुर, गढ़वा: पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को भवनाथपुर प्रखंड क्षेत्र में ईद उल मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विभिन्न स्थानों से जुलूस निकाला. जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए.

अरसली उत्तरी, मकरी, बेलपहाड़ी आदि गांवों में जुलूस निकाला गया. जुलूस विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा. इस दौरान लोग धार्मिक नारों के साथ पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा समाज में अमन-चैन बनाए रखने का संदेश देते नजर आये. जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत भी किया.

जुलूस में शामिल लोगों ने कहा कि ईद उल मिलादुन्नबी का उद्देश्य पैगंबर मोहम्मद साहब के जीवन और उनके द्वारा दिये गये इंसानियत, प्रेम, भाईचारे और शांति के संदेश को लोगों तक पहुंचाना है. उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आपसी सौहार्द और एकता बनाए रखने की अपील की.

जुलूस को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी. आयोजकों ने भी जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग किया.

ईद उल मिलादुन्नबी के मौके पर पूरा क्षेत्र धार्मिक उत्साह और आपसी भाईचारे के रंग में रंगा नजर आया. पर्व के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >