कॉफी विद एसडीएम. नगर निकायों के नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ एसडीएम ने किया संवाद
गढ़वा सदर में बुधवार को एसडीएम संजय कुमार ने अपने साप्ताहिक कार्यक्रम ””कॉफी विद एसडीएम”” में गढ़वा नगर परिषद और मझिआंव नगर पंचायत के नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से संवाद किया. बैठक का मुख्य उद्देश्य स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना था. बैठक में मझिआंव नगर पंचायत की अध्यक्ष सुमित्रा देवी, उपाध्यक्ष सुमन विश्वकर्मा व गढ़वा नगर परिषद की उपाध्यक्ष अनीता प्रसाद दोनों निकायों के सभी वार्ड पार्षद मौजूद थे. सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा. इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग की. एसडीएम ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई का आश्वासन दिया. एसडीएम ने कार्यक्रम की शुरुआत में सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई दी और उनसे क्रमवार परिचय प्राप्त किया. उन्होंने कहा कि शहर की सभी समस्याओं का समाधान संभव है और प्रशासनिक स्तर पर सभी मुद्दों को प्राथमिकता दी जायेगी. इस दौरान मझिआंव के वार्ड 14 की पार्षद ने अवैध शराब बिक्री और नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाने की आवश्यकता बतायी. साथ ही, शहर की जर्जर सड़कें और आगामी रामनवमी जुलूस में संभावित कठिनाइयों पर भी ध्यान दिलाया. वार्ड 20 की पार्षद ने साफ-सफाई व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार की मांग की. वार्ड 1 की पार्षद ने बीएलओ की निष्पक्ष कार्यशैली पर सवाल उठाया. वार्ड 19 के पार्षद ने दानरो नदी से बालू अवैध उत्खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की और पार्क स्थानांतरण का विरोध किया. अन्य वार्ड पार्षदों ने भी नाली, स्वास्थ्य केंद्र संचालन, चोरी और विधि-व्यवस्था, बिजली तारों की सुरक्षा और अतिक्रमण जैसे मुद्दे उठाये. सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जतायी
टाउन हॉल मैदान में अव्यवस्थि पार्किंग पर लगे रोक
मझिआंव नगर पंचायत की अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने हाल ही में संपन्न चुनाव को शांतिपूर्ण और प्रभावी बनाने के लिए एसडीएम का धन्यवाद किया. उन्होंने मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण और जाम जैसी समस्याओं के समाधान के लिए नीतिगत पहल की बात कही. गढ़वा नगर परिषद की उपाध्यक्ष ने शहर की यातायात व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की और उच्च स्तर तक प्रस्ताव भेजकर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने का अनुरोध किया. वार्ड 9 के पार्षद ने टाउन हॉल मैदान में अव्यवस्थित वाहन पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की, जिसे सभी पार्षदों ने समर्थन दिया. नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को किया सम्मानितकार्यक्रम के अंत में सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर पूर्व पार्षद और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही. इस कार्यक्रम ने गढ़वा जिले में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच संवाद को और मजबूत किया और स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल साबित हुई.