खरौंधी में जनगणना प्रशिक्षण शिविर संपन्न, 4 से 6 मई तक अगले चरण का प्रशिक्षण प्रतिनिधि, खरौंधी प्रखंड सभागार में आयोजित जनगणना कार्य से संबंधित प्रखंड स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को समापन हुआ. यह प्रशिक्षण आगामी जनगणना को सुचारू, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था. प्रशिक्षण के दौरान प्रखंड के पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गयी. बीडीओ रवींद्र कुमार ने बताया कि 27 अप्रैल से नौ मई तक चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है. प्रत्येक बैच में लगभग 45 प्रगणक शामिल होते हैं और एक बैच का प्रशिक्षण तीन दिनों तक चलता है. उन्होंने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण और गणना कार्य किया जायेगा, जो पूरी प्रक्रिया की आधारशिला है. अंचल अधिकारी गौतम कुमार लकड़ा ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की नींव है, इसलिए इसमें सटीक और सही आंकड़े बेहद जरूरी हैं. उन्होंने सभी प्रगणकों से ईमानदारी, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की. प्रशिक्षक दीनानाथ त्रिपाठी ने प्रगणकों को घर-घर सर्वेक्षण की प्रक्रिया, प्रपत्र भरने की विधि और आंकड़ों की शुद्धता बनाये रखने के बारे में विस्तार से जानकारी दी. संतोष यादव ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में छोटी-सी गलती भी बड़े स्तर पर प्रभाव डाल सकती है, इसलिए सभी को पूरी गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा. प्रशासन ने बताया कि अगला प्रशिक्षण सत्र 4 मई से 6 मई तक आयोजित किया जायेगा, जिसमें 45 प्रगणक भाग लेंगे. इस दौरान प्रगणक उमेश कुमार दुबे, अंजनी कुमार द्विवेदी, बेलाल अहमद, दिनेश कुमार ठाकुर, आलोक कुमार चौबे, मुकेश कुमार सिंह, मनोज गुप्ता, मिथलेश प्रसाद, राजाराम सिंह, नईम अंसारी, संजय राम, उदय मेहता, दीनानाथ राम, उमेश्वर महतो, विपिन प्रजापति, प्रदीप द्विवेदी आदि उपस्थित थे.
जनगणना की तैयारी में सटीकता और पारदर्शिता जरूरी : बीडीओ
जनगणना की तैयारी में सटीकता और पारदर्शिता जरूरी : बीडीओ
