बंशीधर नगर. शुक्रवार की शाम बस स्टैंड के समीप शिवम् स्वीट के छत पर जनरेटर द्वारा सप्लाई कनेक्शन जोड़ने के दौरान एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के वार्ड 11 के दखिन टोला निवासी सुशील कमलापुरी के अजीत कुमार उर्फ चउआ (27 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलने पर उस स्थान पर अफरा-तफरी हो गयी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाते हुए मृत अवस्था में पड़े अजीत कुमार को 108 एंबुलेंस से अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि अजीत कुमार चचेरिया ग्राम स्थित चाहत मोबाइल और शहरी क्षेत्र में जनरेटर द्वारा लाइट सप्लाई के यहां कार्य करता था. बस स्टैंड समीप दुकानदारों ने बताया कि गुरुवार की शाम जेनरेटर सप्लाई तार टूटा हुआ था. जेनरेटर सप्लायर सुनील मेहता के दूरभाष पर कहने पर अजीत दो अन्य लोगों के साथ तार जोड़ने के लिए शिवम स्वीट के छत पर चढ़कर तार जोड़ रहा था. इसी दौरान वह बिजली करंट के चपेट में आ गया. लोगों ने बताया कि जैसे ही अजीत को करंट लगा, वैसे ही उसके साथ गये दोनों लोग भाग गए. इधर स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
