प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा जिले में दुर्गा पूजा को लेकर शहर से गांवों तक मां दुर्गा की भक्ति की गूंज सुनाई दे रही है. पंडाल भी तैयार हो चुके हैं. इस बार पंडालों को आकर्षक रूप से सजाया गया है. लाखों की लागत से बने आकर्षक पंडाल और चारों ओर की सजावट श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच रही है. पूरा जिला मुख्यालय इन दिनों रंग-बिरंगी रोशनी और भक्ति गीतों से जगमगा रहा है. प्रसिद्ध मां गढ़देवी मंदिर में सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ रही है. भक्त अपने परिवार के साथ पहुंचकर मां के चरणों में मत्था टेक रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं. मंदिर परिसर में विशेष सजावट, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम किये गये हैं.
शहर की प्रमुख पूजा समितियों में जय भवानी संघ, जय मां शेरावाली संघ भगलपुर, जय भवना संघ संघत मोहल्ला, जय माता दी संघ सोनपुरवा, नटराज संघ सहिजना, जय गौरैया संघ टंडवा, देवी संघ साहिजना, मां दुर्गा पूजा समिति विशुनपुर नवादा मोड़, जय मां समिति काली स्थान, जय भगवती समिति नहर चौक चिनिया रोड और मां दुर्गा समिति बरवाडीह शामिल हैं.
भक्तिमय हुआ माहौलदुर्गा पूजा को लेकर जिले में माहौल भक्तिमय हो गया. कहीं ग्रामीण संस्कृति तो कहीं धार्मिक गाथाओं और आधुनिक कला का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है. पूरे जिले से लोग परिवार सहित पंडाल देखने आ रहे हैं. आसपास झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी पूरी कर ली गयी हैं. भक्ति नृत्य, रामलीला, गीत-संगीत और नाटक से माहौल और भी भक्तिमय हो रहा है. कई समितियां प्रतिदिन भंडारे का आयोजन कर रही हैं, जिसमें हजारों लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे.
साफ-सफाई व सुरक्षा के पुख्ता इंतजामनगर परिषद और प्रशासन ने सफाई, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. जगह-जगह बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और पुलिस बल की तैनाती से श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा का आनंद ले पा रहे हैं. श्रद्धालु मां दुर्गा से नयी ऊर्जा और शक्ति प्राप्त कर जीवन को सकारात्मक दिशा देने का संकल्प ले रहे हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
