लगातार दूसरी रात चोरी से व्यवसायियों में दहशत प्रतिनिधि, मझिआंव मझिआंव बाजार क्षेत्र में चोरों ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं. बुधवार रात चंद्रवंशी पेट्रोल पंप के पास स्थित सत्येंद्र पांडेय की छड़-सीमेंट दुकान में चोरों ने पांच लाख रुपये नगद और चांदी के सिक्कों की चोरी कर ली. यह घटना बाजार क्षेत्र में लगातार दूसरी रात और पिछले छह दिनों में तीसरी बड़ी चोरी है, जिससे स्थानीय व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है. भुक्तभोगी सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि गुरुवार सुबह जब उन्होंने अपनी दुकान खोली, तो कैश काउंटर का ताला टूटा हुआ था और वहां से पांच लाख रुपये नकद और लक्ष्मी-गणेश के चित्र वाले दो पुराने चांदी के सिक्के गायब थे। शातिर चोरों ने पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का हार्ड डिस्क भी उखाड़ लिया. इस घटना के बाद पांडेय ने 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. बाजार में हो रही लगातार चोरियों ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है, लेकिन अपराधियों पर लगाम कसने में पुलिस विफल रही है, जिससे व्यापारी वर्ग में निराशा है.मंगलवार रात को गायत्री मंदिर के पास स्थित माँ गायत्री जेनरल स्टोर से एक लाख रुपये की चोरी, और 28 दिसंबर को उत्क्रमित उच्च विद्यालय के कंप्यूटर लैब से एक लाख रुपये के कंप्यूटर सेट की चोरी हुई थी. व्यवसायियों का कहना है कि चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है. अगर इन घटनाओं पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया गया, तो व्यापारी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे. क्या कहते हैं थाना प्रभारी थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो ने कहा कि पुलिस आस-पास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. उन्होंने जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का समाधान करने का आश्वासन दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
