चौधराना बाजार में देर रात चलवाया सफाई अभियान

शपथ से पहले ही एक्शन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष दौलत सोनी

शपथ से पहले ही एक्शन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष दौलत सोनी प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी शपथ ग्रहण से पहले ही एक्शन मोड में हैं. शहर की साफ-सफाई को लेकर मिली शिकायतों के बाद उन्होंने शुक्रवार देर रात चौधराना बाजार पहुंचकर सफाई कर्मियों के साथ सफाई अभियान चलवाया और वहां की व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद सफाई कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि रात्रि सफाई कार्य बंद कर दिया गया है, जो पूरी तरह गलत और भ्रामक है. नगर परिषद गढ़वा द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाये रखने के लिए रात्रि सफाई अभियान लगातार जारी है और नगर परिषद की टीम रात में भी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन कर रही है. दौलत सोनी ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि पूर्व प्रतिनिधि द्वारा सफाई कर्मियों को यह कहकर बरगलाया जा रहा है कि अभी सफाई कार्य नहीं होगा. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शपथ हो या न हो, शहर के विकास और जनसेवा से जुड़े कार्य किसी भी हाल में रुकने नहीं चाहिए. सफाई कर्मियों से अपील दौलत सोनी ने सफाई कर्मियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी के बहकावे में न आयें और जिस प्रकार पहले अपने दायित्वों का निर्वहन करते थे, उसी तरह ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करते रहें. उन्होंने कहा कि नगर परिषद गढ़वा की प्राथमिकता शहर की स्वच्छता, व्यवस्था और विकास है. इसके लिए सभी कर्मियों को मिलकर काम करना होगा. नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जिस कार्य के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति की गयी है, उसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोध होना स्वाभाविक है, लेकिन जनता को भ्रमित करना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य गढ़वा शहर का समुचित विकास करना, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >