गढ़वा : दहेज प्रथा हमारे समाज को खोखला करता जा रहा है, अब समय आ गया है कि इस कुरीति के खिलाफ एकजुट होकर इसे उखाड़ फेंकने की जरूरत है, तभी इस अभिशाप से समाज को मुक्ति मिल सकती है़ उक्त बातें ब्रह्मऋषि संगठन के जिला उपाध्यक्ष पूरन तिवारी ने बुधवार को एक प्रेसवार्ता कर कही़
श्री तिवारी ने कहा कि दहेज जैसी कुप्रथा के खिलाफ ब्रह्मऋषि संगठन आगे आकर नेतृत्व करने को तैयार है, वे जिले के ब्राह्मण समाज से अपील करते हैं कि समाज में दीमक की तरह फैली इस कुरीति के विरोध में गोलबंद होकर दहेज रूपी दानव को मार गिरायें. यह अपने समाज के लिये सुखद एहसास तो होगा ही, साथ ही समाज के अन्य लोग भी आगे बढ़कर उनके कदम से कदम मिलाकर चलेंगे़ उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग के सभी वर्ग के लोगों के लिये आंगन की शोभा बेटियां अभिशाप बन गयी है, इसलिये हमें लोभ-लालच त्याग कर समाज को इससे मुक्ति दिलाना है और इस अभिशाप से समाज को मुक्त करना है़
श्री तिवारी ने जिले के सभी वर्ग के लोगों से अपील करते हुए इस अभियान को सार्थक बनाने में आगे आने को कहा है, ताकि समाज मे समरसता कायम हो सके़ श्री तिवारी ने कहा कि शीघ्र ही इस अभियान को गति देने के लिये संगठन कार्य शुरू करनेवाला है़ इसे लेकर जिले के सभी प्रखंडों में जनजागरूकता अभियान शुरू कर लोगों को दहेज प्रथा जैसी कुरीति से मुक्ति के लिये अभियान मे शामिल होने को कहा जायेगा़ प्रेसवार्ता में अखिलेश तिवारी के अलावे कई लोग उपस्थित थे़
