रमना : भारतीय स्टेट बैंक रमना के उपभोक्ताओं ने बुधवार को बैंक द्वारा पैसा नहीं दिये जाने से आक्रोशित होकर सड़क को जाम कर दिया़ विदित हो कि इसके पूर्व भी इस बैंक के खाताधारी बैंक के खिलाफ सड़क पर उतर चुके हैं. बुधवार को जब खाताधारी बैंक पहुंचे, तो वहां उन्हें मशीन खराब होने की जानकारी मिली़
इस पर सभी खाताधारियों का आक्रोश फूट पड़ा और वे सड़क पर उतर गये़ खाताधारियों ने गढ़वा-नगरउंटारी एनएच-75 को जाम कर दिया़ इसके कारण करीब एक घंटे तक राष्ट्रीय उच्च पथ पर जाम बना रहा़ जाम के कारण कड़ी धूप के बीच दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी़ इस दौरान यात्री बसों में फंसे सवारी भीषण गर्मी में काफी परेशान हो गये़
इधर, आंदोलन कर रहे उपभोक्ताओं का कहना था कि उन्हें पैसा की सख्त जरूरत है़ किसी के घर शादी-विवाह है तो किसी को मरीज को दिखाना था़ उन्होंने कहा कि यह एक बार की बात नहीं है़ वे जब आते हैं, तो अक्सर यही स्थिति झेलनी पड़ती है़ कभी बैंक में पैसा ही नहीं रहता है तो कभी उसका लिंक फेल हो जाता है़ आज बैंक का मशीन ही फेल हो गया है़ इसके कारण अपने खाता में पैसा रहते हुए लोगों को समस्या झेलनी पड़ती है़
सूचना मिलने के बाद रमना थाना प्रभारी ने करीब 10.30 बजे पहुंचकर लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया़ उन्होंने आश्वासन दिया कि मशीन ठीक होते ही सभी को राशि का भुगतान कर दिया जायेगा़
