गढ़वा:झामुमो द्वारा झूरा व चामा गांव में मिलन समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विभिन्न दलों से झूरा में 50 व चामा में लालजी राम तथा शंभु राम के नेतृत्व में 100 लोगों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की. सभी को झामुमो के केंद्रीय सचिव सह पूर्व प्रत्याशी मिथिलेश ठाकुर ने माला पहना कर पार्टी में शामिल कराया. इसके पूर्व श्री ठाकुर ने झूरा गांव में भीम नवयुक संघ द्वारा आयोजित रविदास जयंती समारोह का उदघाटन किया. मौके पर श्री ठाकुर ने कहा कि रविदास जी की 634 वीं जयंती के अवसर पर उनके आदर्शो व संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु के 40 सालों के वनवास के बाद अलग राज्य का सपना साकार हुआ.
पार्टी दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यकों को मान सम्मान देने का काम कर रही है. युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार द्वारा संचालित गरीबों को योजनाओं को धरातल पर उतारने का समय आ गया है. गुरुजी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है.उन्होंने कहा कि पार्टी के नीति सिद्धांतों से प्रभावित होकर गढ़वा ही नहीं पूरे राज्य में झामुमो की ओर लोगों का रुझान बढ़ा है. वह दिन दूर नहीं जब राज्य में झामुमो के पूर्ण बहुमतवाली सरकार बनेगी. हेमंत सरकार का उद्देश्य गरीबों के लिए संचालित योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. इस मौके पर केंद्रीय सदस्य नसीम अख्तर, युवा जिलाध्यक्ष मदनी खान, मिथिलेश झा, डॉ नीतिन मिश्र, राजेश तिवारी, नीलू खां, धीरेंद्र चौबे, आशीष अग्रवाल, भीम नवयुवक संघ के अध्यक्ष कमलेश राम, अरुण राम, सुगन राम, रामप्यारी राम, बसंत राम, निरंजन राम, विकास रवि सहित कई लोग उपस्थित थे.
