प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन का वितरण
रंका : विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत रंका में 30 बीपीएल परिवारों के बीच मुफ्त गैस कनेक्शन का विरतण किया़ रवि भारत गैस ग्रामीण वितरक कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में श्री तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गयी इस योजना का उद्देश्य धुएं को दूर भगाना और हर घर में गैस कनेक्शन लाना है़ उन्होंने कहा कि पहले गैस पर खाना बनाना शहरी लोगों की तक ही सीमित था, लेकिन अब सुदूरवर्ती क्षेत्र के ग्रामीण भी नि:शुल्क गैस सिलेंडर, चूल्हा आदि लेकर गैस पर खाना बना सकते हैं.
उन्होंने कहा कि लकड़ी पर खाना बनाना एक झंझटवाला काम है़ हर महिला का सपना होता है कि वह गैस चूल्हे पर खाना पकाये़ इस सपने को पीएम नरेंद्र मोदी ने साकार कर दिया है़ धुएं में खाना बनाने से सांस संबंधित बीमारियां होती हैं. गैस पर खाना बनाने से लकड़ी पर निर्भरता कम होगी और जंगल की कटाई रुकेगी़ उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार गरीबों के लिए काम कर रही है़ सरकार भ्रष्टाचार रोकने के लिए 500 व 1000 के नोट बंद कर दी है़ इससे अमीर लोग घबरा गये हैं और जहां-तहां नोटों को फेंकने लगे हैं. इस अवसर पर रवि भारत गैस ग्रामीण वितरक के संचालक रविशंकर पांडेय, सुरेश पांडेय, जिप सदस्य मुरारी यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता दीनबंधु पांडेय, सांसद प्रतिनिधि सुनील माली, मंडल अध्यक्ष सूर्यनाथ राम, एएसआइ बीएन दुबे, करुणानिधि पांडेय, पप्पू चौबे, उत्तम पांडेय, संजय सिन्हा सहित अन्य लोग उपस्थित थे़
