नोट बदलने व जमा करने वाले की लंबी कतार, अफरा तफरी का माहौल
नगरऊंटारी : पांच सौ व एक हजार के नोट पर रोक लगाये जाने के अनुमंडल मुख्यालय में बंद बैंक के खुलने के पहले दिन उक्त नोट को बदलने व जमा करने वाले की लंबी कतार लगी है. बैंक के खुलने से पूर्व ही अनुमंडल मुख्यालय के सभी बैंक तथा डाकघरों में पांच सौ तथा एक हजार के नोट जमा करने तथा बदलने के लिए लंबी लाइन लगी थी. बैंकों में उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अनुमंडल प्रशासन द्वारा नियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस बल को काफी मशक्कत करना पड़ा.
नगरऊंटारी के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चार काउंटर लगाया गया था, जिसमें नोट बदलने वालों की लंबी कतार थी. वहीं नगरऊंटारी के पाल्हे कला व पुरैनी स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में भी पांच सौ तथा एक हजार के नोट जमा करने व बदलने के लिए लंबी कतार लगी हुई थी. वहीं वनांचल बैंक शाखा में भी नोट बदलने तथा पांच सौ तथा एक हजार रुपये के नोट जमा करने के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई थी.
वहीं बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में केंद्र सरकार के निर्देशों का पालन नहीं हुआ. उक्त बैंक में नोट बदलने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी. इस मामले में बैंक शाखा प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि जमा राशि ली जा रही है. खुदरा पैसा नहीं आ सका है, जिसके कारण नोट नहीं बदला जा रहा है.
