गढ़वा/लातेहार : गढ़वा जिले के भंडरिया थाना अंतर्गत लातेहार की सीमा से सटे बूढ़ा पहाड़ पर पुलिस और माओवादियों के बीच काफी देर तक मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में किसी पक्ष को कोई नुकसान नहीं हुआ. लातेहार एवं गढ़वा जिला पुलिस संयुक्त रूप से बूढ़ापहाड़ के आसपास सर्च अभियान चला रही थी़ इसी दौरान आइइडी ब्लास्ट की आवाज हुई.
पुलिस ने माओवादियों को घेरने का प्रयास किया़ इस क्रम में दोनों ओर से मुठभेड़ हुई. सूत्रों के मुताबिक, बूढ़ापहाड़ पर अरविंद जी का दस्ता था़, जो पुलिस के पहुंचते ही फायरिंग करने लगी. पुलिस को नुकसान पहुंचाने के लिए माओवादियों ने आइइडी ब्लास्ट किया़
लातेहार जिला एवं पलामू जिला पुलिस दोनों ओर से माओवादियों को घेरने का अंतिम समय तक प्रयास किया, लेकिन पुलिस के बढ़ते दबाव से माओवादी जंगल का लाभ लेकर भागने में सफल रहे़ मुठभेड़ में जिला पुलिस बल के साथ जैप एवं सीआरपीएफ के जवान लगाये गये थे़ समाचार लिखे जाने तक मुठभेड़ स्थल के पास पुलिस सर्च अभियान चला रही थी.
