मेराल : मेराल प्रखंड के रेजो गांव के करमटांड़ में आरसीसी सोलर वाटर जलमीनार में घटिया निर्माण करने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य को रोक दिया गया है़ पंचायत के मुखिया दुखन चौधरी, रेजो की जल सहिया कलावती देवी, प्रमोद पासवान आदि ने इस संबंध में पेयजल व स्वच्छता विभाग को आवेदन देकर प्राक्कलन के अनुसार काम नहीं करने का आरोप लगाया है़
आवेदकों का कहना था कि उन्होंने एक सप्ताह पहले ही कम छड़ देकर जलमीनार बनाने की शिकायत विभाग को दी थी, लेकिन अभी तक इसकी गुणवत्ता की जांच नहीं की गयी़ इधर गांव के ही बीडीसी सुनीता देवी, लक्ष्मण ठाकुर, शर्मा साव, शैलेंद्र पंडित, ह्दयानंद प्रसाद, सुरेंद्र प्रसाद आदि ने कहा कि यह सोलर सिस्टम वाटर टावर जनहित में है़ जल्द से जल्द इसका निर्माण पूरा कर जलापूर्ति शुरू करना चाहिए.
प्राक्कलन के अनुरूप हो रहा है काम : संवेदक : जलमीनार निर्माण कार्य के संवेदक परमेश्वर प्रसाद ने कहा कि यह आरसीसी सोलर सिस्टम वाटर टावर 3.75 लाख की लागत से किया जा रहा है़ कार्य पूरी तरह प्राक्कलन के अनुसार हो रहा है़ लेकिन पंचायत के मुखिया व गांव की जल सहिया द्वारा घटिया काम होने का आरोप लगाया गया है़
इसके बाद पेयजल व स्वच्छता ने निर्माण कार्य पर रोक लगाया है़ तकनीकी जांच होने के बाद आगे निर्माण कार्य कराया जायेगा़
