कांडी : बारिश व बाढ़ से कांडी प्रखंड में तीन सड़कों के टूट जाने से एक दर्जन गांवों का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से पूरी तरह कट गया है़ इसके अलावा भवनाथपुर-बहेरवा निर्माणाधीन रोड में चार स्थानों पर डायवर्सन हो जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है़ इस कारण इससे बहेरवा, नैनाबार, सलया, रतनगढ़, मझिगांवा, बत्तो, हरिहरपुर, डगर समेत कई गांवों का रास्ता बंद हो गया है़
नवनिर्मित रतनगढ़-कांडी रोड पर कलवर्ट बह गया है, जबकि पहाड़ी रोड में रतनगढ़ से यादव टोला के बीच बउली में सड़क टूट गयी है़ वहीं निर्माणाधीन सड़क में चार जगह पुलिया व कलवर्ट के लिए सड़क काट कर डायवर्सन बनाया गया है, जो वैसे ही पड़ा हुआ है़ कांडी पोखरा और बांध के बीच काटी गयी सड़क परेशानी का सबब बन गया है़
इस संबंध में ग्रामीण दिनेश सिंह, सुरेश सिंह, अनुज सिंह, मुरली मेहता, अजय राम, बालमीकि राम, झरी रजवार, वीरेंद्र राम, भोला मिस्त्री, वीरेंद्र मिस्त्री, सुरेंद्र मिस्त्री आदि ने कहा कि आवागमन की तत्काल व्यवस्था नहीं की गयी, तो इलाज के अभाव में कई लोगों की मौत हो जायेगी़
वहीं कांडी पंचायत के मुखिया विनोद प्रसाद ने कहा कि बाढ़ के कारण एक बड़ी आबादी काफी कठिनाई में है़ एक सप्ताह में सड़क नहीं बनी, तो वे प्रखंड मुख्यालय में सड़क जाम करेंगे़ इधर संवेदक डबलू दूबे ने कहा कि मौसम साफ होते ही 10-15 दिनों में पुलिया का निर्माण पूरा कर लिया जायेगा़
