गढ़वा : स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने शनिवार को गढ़वा शहर के टंडवा मुहल्ले में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उदघाटन किया़ यह योजना झोपड़ पट्टी में निवास करनेवाले गरीबों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए शुरू की गयी है़
उदघाटन मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए मंत्री श्री चंद्रवंशी ने कहा कि अभी इस स्वास्थ्य केंद्र में सिर्फ ओपीडी के माध्यम से मरीजों की जांच की जायेगी़ आगे अन्य तरह की स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जायेगा़
उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर अस्पताल तक लाने- ले जाने के लिए एंबुलेंस की खरीदारी की जा रही है़ उन्होंने कहा कि गढ़वा में डायलिसिस व आइसीयू की भी व्यवस्था भी जल्द शुरू होगी़ श्री चंद्रवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास खुद किराये के मकान में रहकर झारखंड के विकास के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं. उन्होंने रघुवर दास को दूसरा कर्पूरी ठाकुर बताया़ उन्होंने कहा कि जब वे स्वास्थ्य मंत्री बने थे, तब स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था काफी लचर थी, लेकिन अब इसमें काफी सुधार हुआ है़
उन्होंने कहा कि वे गढ़वा जिले सहित झारखंड राज्य में स्वास्थ्य सुविधा बहाल करने के मामले में कोई कमी नहीं रहने देंगे़ उन्होंने कहा कि टंडवा में खोले गये इस शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए एक अलग से चिकित्सक, एएनएम व एंबुलेंस की व्यवस्था की जा रही है़ इस अवसर पर समाजसेवी सतीश प्रसाद गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि संतोष केसरी, अस्पताल उपाधीक्षक जेपी सिंह, डॉ वीरेंद्र कुमार, डॉ नाथुन साव, डॉ रामाशीष चौधरी, डीपीएम आशुतोष मिश्र, सहिया समन्वयक विनय कुमार अन्य उपस्थित थे़ कार्यक्रम का संचालन डॉ एनके रजक व धन्यवाद ज्ञापन डॉ जेपी सिंह ने किया़
