कार्यक्रम. सीआरपीएफ 172 बटालियन का स्थापना दिवस मना, एसपी ने कहा
गढ़वा : सीआरपीएफ 172 बटालियन का दो दिवसीय स्थापना दिवस मनाया गया़ स्थापना दिवस की शुरुआत मुख्य अतिथि गढ़वा पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक ने स्थानीय मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना व हवन यज्ञ से की़
दूसरे दिन बुधवार को क्वार्टर गार्ड पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया़ इस दौरान पुलिस अधीक्षकको सीआरपीएफ के जवानों ने सलामी दी. इस अवसर पर अपने संबोधन में एसपी श्री आलोक ने कहा कि 172 बटालियन की क्षेत्र में शांति व्यवस्था स्थापित करने व नक्सल उन्मूलन में बड़ी भूमिका रही है़ साथ ही यहां कई विकास कार्य भी सीआरपीएफ के सहयोग से किये जा रहे हैं.
भंडरिया से बड़गड़ मार्ग सीआरपीएफ के सहयोग के बिना पूरा करना संभव नहीं था़ उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ 172 बटालियन गढ़वा जिले में नक्सली व अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे ऑपरेशन में विशेष दक्षता दिखायी है़ उसके सहयोग से 100 से अधिक नक्सलियों व दुर्दांत अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है़
उन्होंने कहा कि 172 वाहिनी को अपने कर्तव्यनिष्ठा व वीरता के लिए अब तक 100 से भी अधिक महानिदेशक से प्रशंसा पत्र मिल चुका है़ सीआरपीएफ समय-समय पर रक्तदान शिविर भी आयोजित करता है. अब तक करीब 200 यूनिट रक्त सीआरपीएफ ने उपलब्ध कराया है़ साथ ही 2000 पौधा लगाने के साथ स्वच्छ भारत मिशन में भी सीआरपीएफ ने भूमिका निभायी है़ इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी पीएस घोष, उप कमांडेंट बीके पाठक, सर्वेंद्र सिंह, चिकित्सा पदाधिकारी शंकर लाल चाहर व सीआरपीएफ के जवान उपस्थित थे़
