गढ़वा : झारखंड राज्य शिक्षक संघर्ष मोरचा गढ़वा जिला इकाई के बैनर तले मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी के आवास पर पारा शिक्षकों ने धरना दिया तथा प्रदर्शन किया़ पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत सैकड़ों की संख्या में पारा शिक्षक मंत्री के आवास पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया़ इस मौके पर बोलते हुए पारा शिक्षकों ने अपनी सेवा स्थायी करने व दूसरे राज्यों की तर्ज पर वेतन वृद्धि करने की मांग रखी़ बोलते हुए मोरचा के जिलाध्यक्ष सूर्यदेव तिवारी ने कहा कि पारा शिक्षक की बदौलत ही गढ़वा जिले के विद्यालय चल रहे हैं.
विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता भी इनकी बदौलत बनी हुई है़ ये पिछले 10 साल से अधिक समय से अपनी सेवा दे रहे हैं, इसके बावजूद उनकी सेवा स्थायी नहीं की जा रही है. उनके आंदोलन के पश्चात कई बार उनकी मांगों पर कार्रवाई के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है़
बार-बार के झूठे आश्वासन से वे आजिज आ चुके हैं. यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जोरदार आंदोलन एक बार फिर से चलाने को बाध्य होंगे. धरना के पश्चात मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र मंत्री आवास पर उपस्थित लोगों को समर्पित किया गया़ इस मौके पर आदित्य प्रसाद गुप्ता, बसंत सिंह, अमित सिंह, आशुतोष शर्मा, नीरज श्रीधर, अंबिका चौधरी, दिनेश गुप्ता सहित काफी संख्या में पारा शिक्षक उपस्थित थे़
