गढ़वा : सरकार को जब-जब मौका मिलता है, उन्हें जेल में डाल दिया जाता है़ लेकिन वे जेल जाने से नहीं घबराते़ भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भी जेल में ही हुआ था़ आज पुनर्जन्म प्राप्त कर वे जनता के बीच में है़ उक्त बातें भवनाथपुर विधायक भानु प्रताप शाही ने गुरुवार को जेल से छूटने के बाद पहली बार गढ़वा पहुंचने पर रंका मोड़ पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे़
श्री शाही 14 महीने बाद जेल से छूटने पर गढ़वा पहुंचे थे़ रंका मोड़ पर जिला कमेटी द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में बोलते हुए श्री शाही ने कहा कि गढ़वा की मिट्टी इतनी मजबूत है कि हम टूट जायेंगे, लेकिन झुक नहीं सकते़ उन्होंने कहा कि सरकार फुटबॉल की तरह जब-जब उन्हें लात मारेगा, वह उतना ही गोल दागते चले जायेंगे़
पलामू प्रमंडल में पानी व पलायन प्रमुख समस्या है़ इस मुद्दे को लेकर नवजवान संघर्ष मोर्चा आंदोलन करेगा़ श्री शाही ने कहा कि शीघ्र ही जिले के किसानों के खेत तक कनहर का पानी पहुंचेगा़ इसके लिए डीपीआर बना कर दिल्ली भेज दिया गया है़ उन्होंने कहा कि आज के नेता और पहले के जमींदार में कोई अंतर नहीं है़
दमन और शोषण की राजनीति बंद होनी चाहिए, तभी राज्य में खुशहाली आयेगी़ इसके पूर्व क्षेत्र से काफी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने गढ़वा जिला की सीमा पर बेलचंपा में श्री शाही का स्वागत किया़ इसके पश्चात वे गढ़देवी मंदिर पहुंच कर पूजा-अर्चना की़ इसके बाद रंका मोड़ पर स्थित इंदिरा गांधी व बाबा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया़ कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष भगत दयानंद यादव ने किया़ इस मौके पर केंद्रीय महासचिव राजीव रंजन तिवारी, जिलाध्यक्ष बबलू पटवा सहित काफी संख्या में नसंमो कार्यकर्ता उपस्थित थे़
