गढ़वा : मेराल थाना क्षेत्र के देवगाना पंचायत के वार्ड नंबर नौ के मतदान केंद्र पर बोगस मतदान करने की शिकायत को लेकर उस पंचायत के प्रत्याशियों ने सोमवार को उपायुक्त सह निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात की. गेरूआ पंचायत से मुखिया प्रत्याशी सुशीला देवी, दुलारी देवी, कुमरीमा देवी, बीडीसी प्रत्याशी सूरती देवी, जीरा देवी, चंद्रावती देवी व वार्ड नंबर नौ के प्रत्याशी राजकुमार राम के साथ पहुंचे अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 12 दिसंबर को मतदान के समय एक प्रत्याशी विशेष के समर्थक मतदान केंद्र पर पहुंचे और बूथ को अपने कब्जे में लेकर स्वयं ही पूरे वार्ड के मतदाताओं का वोट डाल दिये.
उन्होंने आरोप लगाया कि वहां 89.12 प्रतिशत मतदान हुए हैं, जो नियम के विरुद्ध है. साथ ही यहां छह मृत व्यक्ति जगतरनी देवी, रामप्रसाद राम, अनिता देवी, सुनीता देवी, सूबेदार राम के नाम पर भी मत डाल दिये गये. प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि इस अवैध मतदान की शिकायत उन्होंने उसी दिन चुनाव आयोग, पुलिस अधीक्षक व अन्य पदाधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से की थी.
लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे अांदोलन का रुख अख्तियार करेंगे. इधर इस संबंध में उपायुक्त ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने संंबंधित सेक्टर पदाधिकारी को जांच के निर्देश दिये हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
