13.37 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई गढ़वा. स्थानीय व्यवहार न्यायालय में शनिवार को पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया. इस दौरान 18 मामले आये, जिसमें से चार मामलों का निष्पादन किया गया. ये सभी मामले जीवन बीमा व मोटर दुर्घटना बीमा से संबंधित थे.
इस दौरान 1337240 रुपये राजस्व की वसूली की गयी. राष्ट्रीय लोक अदालत का उदघाटन जिला व सत्र न्यायाधीश प्रथम शिववचन यादव ने दीप जला कर किया. लोक अदालत में मामले के निष्पादन के लिए तीन बेंचो का गठन किया गया था. इसमें जिला व सत्र न्यायाधीश प्रथम शिववचन यादव, डीजे चतुर्थ वाइके शाही व डीजे पंचम केएन पांडेय के नेतृत्व में मामलों का निष्पादन किया गया. इस मौके पर डीजे प्रथम ने लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत से लाभ उठाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि ऐसे अदालतों में समझौता योग्य मामलों का निष्पादन करा कर वादी समय व पैसे की बचत कर सकते हैं.
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कमलेश कुमार शुक्ला ने किया. इस मौके पर एसडीजेएम नइम अंसारी, सीजेएम ऋषिकेश कुमार, मंुसफ निशांत कुमार, रजिस्ट्रार मनोज राम, न्यायिक दंडाधिकारी मनोज कुमार प्रजापति, अधिवक्ता तृप्ति कुमारी, संजय भारती, परशुराम पांडेय, शिव कुमार, न्यायालयकर्मी अवनीश भारद्वाज, अर्चना भारती, कमलेश कुमार, संजय सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे.
