गढ़वा. जिला अंधापन नियंत्रण समिति व राधा लक्ष्मी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में चिरौजिया मोड़ स्थित राधिका नेत्रालय में निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में कुल 35 मरीजों का सफल लेंस प्रत्यारोपण किया गया. शिविर में पहुंचे मरीजों की जांच के बाद उनका ऑपरेशन अनुभवी नेत्र चिकित्सकों की टीम ने किया. सभी मरीजों को निःशुल्क भोजन, दवा और आवश्यक चिकित्सा सुविधा प्रदान की गयी. नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ सुशील कुमार ने बताया कि यह शिविर जिले के उन गरीब और वंचित वर्ग के लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है, जो आर्थिक तंगी के कारण वर्षों से आंखों की समस्या से परेशान थे. राधिका नेत्रालय में मोतियाबिंद के मरीजों की निःशुल्क जांच प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक की जाती है. अस्पताल प्रबंधक पायल गुप्ता ने बताया कि मार्च से अब तक कुल 758 मरीजों का सफलतापूर्वक निःशुल्क ऑपरेशन किया जा चुका है. राधा लक्ष्मी ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
