डंडई(गढ़वा). पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती के बावजूद यहां के पेट्रोल पंप पर उपभोक्ताओं को पुराने दर पर ही पेट्रोल व डीजल दिया जा रहा है. प्रखंड मुख्यालय स्थित भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिकृत डीलर मंे एचके फ्यूल्स में सोमवार को पेट्रोल 65.15 रुपये तथा डीजल 56.14 रुपये की दर से दिया जा रहा था.
वहीं केंद्र सरकार ने पेट्रोल व डीजल में क्रमश: 91 पैसे व 84 पैसे रविवार की रात 12 बजे से ही कटौती होने की घोषणा की है. घटे हुए दर पर तेल नहीं देने पर उक्त पंप के प्रबंधक के साथ उपभोक्ताओं की नोंक-झांेक भी हुई. कई ग्राहकों ने पंप पर हंगामा किया. उपभोक्ताओं ने कहा कि इसके पूर्व भी जब पेट्रोल-डीजल की दर में कटौती हुई थी, तो दो दिन तक इस पेट्रोल पंप पर पुराने दर से ही तेल दिया जा रहा था. इस संबंध में पूछे जाने पर पेट्रोल पंप के प्रबंधक नेपाल राम ने बताया कि मुझे टंकी में दर सेट नहीं करने आता है, जिसके कारण वे पहले के दर पर ही तेल बेच रहे हैं.
