प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा पुलिस को रविवार को एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गढ़वा थाना क्षेत्र के नगवां मोहल्ला स्थित सरस्वतीया नदी के किनारे छापामारी कर सात कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार बदमाश एक अर्धनिर्मित मकान में बैठकर लूट की बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. एसपी आशुतोष शेखर के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम बनायी गयी, जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार, पुलिस उपाधीक्षक चिरंजीव कुमार मंडल, थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी और सशस्त्र जवान शामिल थे. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका गिरोह रविवार को ट्रेन से उतरने वाले एक व्यक्ति को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाला था. हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उनकी योजना को विफल कर दिया. गिरफ्तार आरोपियो में ज्ञान प्रकाश तिवारी उर्फ राजन तिवारी (मुख्य सरगना, जेल से छूटा), प्रिंस कुमार, आकाश कुमार दुबे, पवन कुमार चंद्रवंशी, इनायत सिद्दीकी उर्फ ढिबरी, वैभव केशरी औऱ संतोष सोनी शामिल हैं. भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद पुलिस ने अपराधियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किया, जिसमें चार कट्टा, चार गोलियां, छह स्मार्टफोन और दो मोटरसाइकिल शामिल हैं. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं.
लूट की साजिश रच रहे सात बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
लूट की साजिश रच रहे सात बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
