पीयूष तिवारी, गढ़वा : गढ़वा समाहरणालय को कल्याणपुर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है़ इसके लिए कल्याणपुर में 29 एकड़ गैरमजरूआ मालिक भूमि को चिह्नित किया गया है़ साथ ही इस पूरी भूमि की चल रही जमाबंदी भी सरकार के आदेश के पश्चात रद्द कर दी गयी है़ जमाबंदी रद्द करने के पश्चात इस भूमि पर कब्जा किये लोगों को कब्जा छोड़ने के लिए नोटिस निर्गत किया गया है़ जिन लोगों को नोटिस निर्गत किया गया है, उनमें नरेंद्र कुमार सिंह, पिता बद्रीनारायण सिंह, श्याम कुमारी पति अवधकिशोर लाल तथा रविशेखर सिंह पिता बद्रीनारायण सिंह शामिल है़ं
इनकी बंदोबस्ती 21 अप्रैल 1997 में कायम की गयी थी़ राजस्व व भूमि सुधार विभाग के संयुक्त सचिव के आदेश पर जमाबंदी रद्द करते हुए कब्जा खाली करने के निर्देश दिये गये है़ं नया समाहरणालय कल्याणपुर में बनाने के लिए जो भूमि चिह्नित की गयी है, वह खाता संख्या 163 प्लॉट 1836 रकबा 15 एकड़, खाता संख्या 163, प्लॉट 1823 रकबा सात एकड़ तथा खाता संख्या 176 प्लॉट 1739 रकबा सात एकड़ से संबंधित है़ उल्लेखनीय है कि अभी समाहरणालय गढ़वा कचहरी परिसर के बगल में स्थित है़ इसीमें उपायुक्त, उपविकास आयुक्त व पुलिस अधीक्षक सहित सभी विभागों के कार्यालय स्थित है़
कब्जा खाली करने की प्रक्रिया की जा रही है : बैद्यनाथ कामती : इस संबंध में गढ़वा अंचल पदाधिकारी बैद्यनाथ कामती ने बताया कि जमाबंदी रद्द करने के बाद कब्जा खाली कराने की प्रक्रिया की जा रही है़ इसके लिए संबंधित पक्षों को अपनी बात रखने का मौका देते हुए बुलाया गया है़
कल्याणपुर में उपायुक्त व एसपी आवास है
गढ़वा समाहरणालय वर्तमान समय में भले ही कचहरी के बगल में स्थित है़ लेकिन उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक के आवास के साथ परिसदन भवन, पुलिस लाइन आदि भी कल्याणपुर में ही बना हुआ है़ साथ ही यहीं से बाइपास का निर्माण भी किया जा रहा है़ इस हिसाब से जिला प्रशासन की सोच है कि कामकाज के सुविधा के दृष्टिकोण से एवं अन्य सभी विभाग एक स्थान से संचालित हों, इसको लेकर नया व भव्य समाहरणालय का कल्याणपुर में निर्माण कराया जाये़ इसके लिए जिला प्रशासन के पास राशि भी उपलब्ध करा दी गयी है़ सिर्फ भूमि की वजह से मामला फंसा हुआ है़
