जिला परिषद बोर्ड की बैठक बुधवार को जिप अध्यक्ष विकास कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में भवनाथपुर को अनुमंडल बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया़ सभी सदस्यों ने भवनाथपुर को अनुमंडल बनाने का समर्थन करते हुए कहा कि इससे भवनाथपुर, खरौंधी, केतार आदि के विकास का रास्ता खुलेगा़ इसी तरह बैठक में मेराल के कुंभी पहाड़ से 300 से 400 ट्रैक्टर के माध्यम से प्रतिदिन पत्थर का अवैध रूप से उत्खनन किये जाने का आरोप लगाया गया़ कहा गया कि इसके लिये डीएफओ व खनन विभाग को लिखित सूचना दी यी़
लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी है़ डंडा प्रमुख ने कोयल नदी से बालू का अवैध उठाव करने का मामला उठाते हुये कहा कि बिना पर्यावरण क्लियरेंस के ही बालू का उठाव किया जा रहा है़ रात्रि के छह बजे से लेकर सुबह के छह बजे तक नियमानुसार बालू नहीं उठाना है़ इसके बावजूद सैकड़ों ट्रक बालू प्रतिदिन उठाव किये जा रहे हैं. कुछ जिप सदस्यों ने पोशाक वितरण को पारदर्शी बनाने की मांग करते हुए कहा कि पोशाक वितरण में पंचायत प्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाये़ इसके लिये निर्देश दिया गया कि पुन: सभी प्रधानाध्यापकों को पत्र लिखकर निर्देशित किया जाये़ नगरउंटारी से खरौंधी तक बन रहे सड़क निर्माण में मानक के अनुसार कार्य नहीं किये जाने का आरोप लगाते हुए इसके लिये राज्यस्तरीय निगरानी टीम से जांच कराने की मांग की गयी़ धुरकी में चापाकल में टीना का पाईप लगाये जाने का आरोप लगाते हुये संवेदक पर कार्रवाई करने की मांग उठायी गयी़ इसी तरह बीज वितरण में भी पदाधिकारियों पर मिलीभगत कर अनियमितता बरतने का आरोप लगाया गया़ सभी मामलों में अगली बैठक के पूर्व अनुपालन करने का निर्देश दिया गया़ इस अवसर पर उप विकास आयुक्त फैज अक अहमद मुमताज, उपाध्यक्ष रेखा चौबे, सांसद प्रतिनिधि शिव कुमार पांडेय, विधायक प्रतिनिधि राजीवरंजन तिवारी सहित जिप सदस्य, प्रमुख व विभिन्न विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे़
