रंका सीएचसी में ओपीडी में इलाज के लिए कटानी होगी पांच रुपये की पर्ची

अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में लिया गया निर्णय

अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में लिया गया निर्णय

प्रतिनिधि, रंका (गढ़वा)

रांक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक बीडीओ शुभम बेला टोपनो की अध्यक्षता में हुई. बैठक में प्रखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने और मरीजों को अधिकतम लाभ पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गयी. इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब अस्पताल में आने वाले मरीजों से ओपीडी के लिए पांच रुपये का शुल्क लिया जायेगा . बीडीओ शुभम बेला टोपनो ने बताया कि शुल्क लेने के लिए अस्पताल में एक विशेष काउंटर बनाया जायेगा. इस काउंटर की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को सौंपी जायेगी. काउंटर से पांच रुपये का शुल्क लेकर चिकित्सक के नाम की पर्ची काटी जायेगी. इस प्रक्रिया से एकत्रित होने वाली राशि का उपयोग अस्पताल प्रबंधन और रख-रखाव के कार्यों में किया जायेगा. बैठक में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में एक कैंटीन खोलने का भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना को और अधिक क्रियाशील बनाने पर जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक गरीब मरीजों को मुफ्त इलाज का लाभ मिल सके. बैठक में प्रमुख लीलावती देवी, उप प्रमुख अनुभा सिंह, मुखिया रंजीत कुमार सोनी, डॉ गोरखनाथ पांडेय सहित विभिन्न पंचायतों के पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे.

…………

कोट

रंका सीएचसी को पूरे गढ़वा जिले में एकमात्र मॉडल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोषित किया गया है. यहां मरीजों के इलाज के लिए सभी आधुनिक तकनीकी जांच की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है.

डॉ असजद अंसारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी,रंका

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >