नहीं रहे देवघर के सियासी सपूत कामेश्वरनाथ दास, 71 की उम्र में निधन से जदयू में शोक की लहर

देवघर के पूर्व विधायक और जदयू के वरिष्ठ नेता कामेश्वरनाथ दास का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है.

रांची: देवघर के पूर्व विधायक और जदयू के वरिष्ठ नेता कामेश्वरनाथ दास का रविवार को निधन हो गया. वह 71 वर्ष के थे. लंबे समय से बीमार चल रहे कामेश्वरनाथ दास ने देवघर के ठाढ़ीदुलमपुर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से देवघर के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी. पार्टी नेताओं और समर्थकों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की.

बताया गया कि कामेश्वरनाथ दास पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे. उनका हैदराबाद में भी इलाज चल रहा था. रविवार को उनके निधन की खबर सामने आते ही बड़ी संख्या में शुभचिंतक और राजनीतिक कार्यकर्ता शोक जताने के लिए उनके आवास पर पहुंचने लगे. परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार सोमवार को देवघर श्मशान घाट में किया जायेगा.

2005 में जदयू के टिकट पर जीता था देवघर विधानसभा चुनाव

कामेश्वरनाथ दास का देवघर की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रहा. उन्होंने 2005 में जदयू के टिकट पर देवघर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज कर विधायक बने थे. लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान उन्होंने क्षेत्र की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनायी.

उनका राजनीतिक जुड़ाव केवल उनके अपने जीवन तक सीमित नहीं था. उनके पिता स्व. बैद्यनाथ दास भी देवघर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे. बैद्यनाथ दास ने कांग्रेस के टिकट पर देवघर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से 1969, 1972, 1980, 1985 और 1990 में चुनाव जीतकर विधायक बनने का रिकॉर्ड बनाया था. इस तरह पिता और पुत्र दोनों ने देवघर की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.

जदयू ने बताया समर्पित और जुझारू साथी

कामेश्वरनाथ दास के निधन पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि कामेश्वर दास पार्टी के समर्पित और जुझारू साथी थे. उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है. जदयू परिवार इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों के साथ खड़ा है.

जदयू के कई अन्य नेताओं ने भी उनके निधन पर शोक जताया. पार्टी नेताओं ने कहा कि कामेश्वरनाथ दास का जाना संगठन के लिए बड़ी क्षति है और उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जायेगी.

भाजपा और विधानसभा अध्यक्ष ने भी जताया शोक

कामेश्वरनाथ दास के निधन पर राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से भी शोक संदेश सामने आये. भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राज पलिवार ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि दी. वहीं जदयू नेता बेनी माधव झा ने कहा कि स्व. दास की कमी पार्टी को हमेशा खलेगी और जदयू परिवार उनके निधन से मर्माहत है. विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने भी कामेश्वरनाथ दास के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनके परिजनों के प्रति संवेदना जतायी.

कामेश्वरनाथ दास के निधन से देवघर ने एक ऐसे राजनीतिक व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसने विधानसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के साथ लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभायी. उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक संवेदनाओं का दौर जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. बीते 5 सालों से झारखंड की सामाचार, खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. वर्तमान में प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के जिलों की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले वह साल 2023-24 में प्रभात खबर के खेल डेस्क की खबरें लिखा करते थे.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >