12 मौजा के ग्रामीणों ने की अच्छी बारिश व निरोग काया की कामना

चाकुलिया के सोनाहारा में 12 मौजा के ग्रामीणों ने अच्छी बारिश और निरोगी काया के लिए पारंपरिक खोड़ीपहाड़ी पहाड़ पूजा की। विधायक समीर मोहंती भी हुए शामिल।

चाकुलिया : चाकुलिया स्थित जुगीतोपा पंचायत के सोनाहारा में शनिवार को पारंपरिक खोड़ीपहाड़ी पहाड़ पूजा श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ हुई. धार्मिक अनुष्ठान को मुख्य पुजारी मिहिर सरदार, त्रिलोचन सरदार, मानिक महतो, खोकन सरदार व पूर्ण सरदार ने संपन्न कराया. मान्यता के अनुसार, पहाड़ देवता को प्रसन्न करने के लिए मुर्गे व बकरे की बलि दी गयी. सबसे पहले 12 मौजा के ग्राम प्रधानों ने पूजा-अर्चना की, जिसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए द्वार खोले गये. चाकुलिया प्रखंड में अच्छी बारिश और निरोगी काया की मन्नत को लेकर पहाड़ों की पूजा करने की सदियों पुरानी परंपरा है. इस वर्ष भी खोड़ीपहाड़ी संस्कृति रक्षा समिति ने पूजा और मेले के सफल संचालन में मुख्य भूमिका निभायी.

इस ऐतिहासिक पहाड़ पूजा में मुख्य रूप से 12 मौजा के ग्रामीण शामिल हुए. इनमें सोनाहारा, सालुआडीह, रेंगड़पाहाड़ी, लुआग्राम, आमलागुड़ा, भालूकापाहाड़ी, मालकुंडी, सीजबेडिया, हतियाशोली, कालिदासपुर, बड़शोल और कदमाशोली के हजारों श्रद्धालु शामिल रहे, जिन्होंने पहाड़ देवता से क्षेत्र की खुशहाली की कामना की.

पर्यटन स्थल के रूप में चमकेगी खोड़ीपहाड़ी : विधायक

विधायक समीर मोहंती भी पूजा में शामिल हुए. भगवान के दर्शन कर क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि की प्रार्थना की. विधायक ने कहा कि खोड़ीपहाड़ी को विशेष पहचान दिलाने के उद्देश्य से पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है. इसका ऐसा सौंदर्यीकरण किया जायेगा कि झारखंड के कोने-कोने से लोग यहां पूजा करने और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mdparwez

मो. युनूस परवेज वर्ष 1995 से पत्रकारिता कर रहे हैं. उन्होंने घाटशिला महाविद्यालय और रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और राजनीतिक विज्ञान ऑनर्स की डिग्री हासिल की है. इनकी राजनीति, अपराध, नक्सलवाद, खेल, शिक्षा और खेती किसानी की खबरों में विशेष रुचि है. डिजिटल जर्नलिज्म में 5 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >