East Singhbhum News : नरसिंहगढ़-घाघरा रोड पर कार व बाइक में भिड़ंत, दंपती समेत तीन गंभीर

घटनास्थल से कार चालक फरार, अस्पताल में मची चीख-पुकार, सरहुल की खुशियां मातम में बदली

धालभूमगढ़.

मंगलवार की शाम नरसिंहगढ़-घाघरा मुख्य मार्ग पर देवशोल के पास अनियंत्रित कार और बाइक के बीच हुई सीधी टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे युवक का पैर टूटकर लटक गया, वहीं कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के बाद कार सवार मौके से फरार होने में सफल रहे.

सरहुल उत्सव में शामिल होने जा रहा था परिवार:

मिली जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के परसुडीह (छोलागोड़ा) निवासी किशुन हांसदा, उनकी पत्नी जननी हांसदा और भाई चेतन हांसदा अपनी बाइक (जेएच 05 डीए 4348) से मटियाबांधी गांव जा रहे थे. वे वहां अपने ससुराल में आयोजित सरहुल उत्सव में शामिल होने वाले थे. इसी दौरान देवशोल पार करते ही विपरीत दिशा (मटियाबांधी की ओर) से आ रही तेज रफ्तार कार (ओडी 11जेड 2860) ने घुमावदार मोड़ पर उन्हें सीधी टक्कर मार दी.

घायलों की स्थिति नाजुक, पैर टूटा और सिर में गंभीर चोटें:

इस दुर्घटना में बाइक चला रहे छोटे भाई चेतन हांसदा का बायां पैर बुरी तरह टूटकर लटक गया. वहीं, किशुन हांसदा और उनकी पत्नी जननी हांसदा के सिर, चेहरे और हाथों में गंभीर चोटें आयी हैं. घटना की सूचना मिलते ही हाइवे पेट्रोल पुलिस और ””सेवा ही धर्म”” संस्था के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे. घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉ. शिव शंकर मुर्मू ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया. ”

सेवा ही धर्म” संस्था और पुलिस ने संभाला मोर्चा:

हादसे के बाद सड़क पर तड़प रहे घायलों की मदद के लिए ”सेवा ही धर्म” संस्था के उत्तम सुराल, राकेश मान्ना, अख्तर अली और समित पाठक घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने न केवल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, बल्कि उनके परिजनों को भी सूचित किया. अस्पताल पहुंची जननी हांसदा की मां पार्वती हांसदा ने बताया कि उनका परिवार खुशी-खुशी सरहुल मनाने आ रहा था, पर रास्ते में ही दुर्घटना हो गयी.

डुमरिया: बालू लदा हाइवा सड़क किनारे पलटा, चालक बचा

डुमरिया. डुमरिया प्रखंड के अस्तिमोड़ पर सोमवार की देर रात एक बालू लदा हाइवा (जेएच05सीजे/0592) सड़क किनारे पलट गया. हाइवा गुड़ाबांदा से बालू लोड कर डुमरिया होते हुए जादूगोड़ा की ओर जा रहा था. दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया. हाइवा के पलटने के थोड़ी देर बाद ही बालू को हटाया गया.

ग्रामीणों का आरोप:

रातभर अवैध बालू का परिचालन:

ग्रामीणों ने बताया कि रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक अवैध बालू लदे हाइवा का परिचालन शुरू हो जाता है. सभी हाइवा गुड़ाबांदा के विभिन्न घाटों से बालू लोड कर डुमरिया-कैमा मुख्य सड़क होते हुए पोटका और मुसाबनी के रास्ते जाते हैं उन्होंने आरोप लगाया कि यह सारा परिचालन प्रशासन की संरक्षण में हो रहा है.

तेज रफ्तार और सुरक्षा के सवाल:

ग्रामीणों के अनुसार, तेज गति से चलने वाले बालू लदे हाइवा अक्सर मोड़ों पर पलट जाते हैं. कुछ दिन पहले ही छोटा बोतला मोड़ और बड़ा बोतला मोड़ के पास बालू लदा हाइवा पलटा था. हालांकि प्रशासन ने किसी पर मामला दर्ज नहीं किया. पुलिस के अनुसार सभी वाहनों में वैध बालू था.

अवैध बालू और पत्थर परिचालन पर सवाल:

ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि बालू घाटों की नीलामी नहीं होने के बावजूद इतनी भारी मात्रा में बालू कहां से आ रहा है और वैध होने के बावजूद इसे दिन में क्यों नहीं चलाया जाता. उन्होंने कहा कि डुमरिया में इन दिनों रात में अवैध पत्थर और बालू का भारी परिचालन हो रहा है, जिससे सड़क सुरक्षा और नियम पालन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >