East Singhbhum News : बासाडेरा झरना से युवती का शव बरामद, हत्या की आशंका

पुलिस ने झरने के पास से बैग बरामद किया, दो रेल टिकट मिले

घाटशिला. घाटशिला की बासाडेरा सबर बस्ती के तेली झरना के पास रविवार को एक युवती का शव बरामद किया गया. इसकी सूचना मुखिया द्वारा पुलिस को दी गयी. इसके बाद घाटशिला थाना प्रभारी बीएन सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. झरने के पास से एक नीले रंग का बैग भी बरामद किया गया है. इसमें कपड़े, मोबाइल, मात्र 10 रुपये, पायल व अंगूठी रखे थे. पीले रंग का बाबा तारकेश्वर लिखा कपड़ा भी बरामद किया गया. पुलिस को बैग से दो रेलवे टिकट भी मिले हैं. इसमें एक टिकट हावड़ा से झाड़ग्राम के लिए था, जो 28 जुलाई को काटा गया था. ग्रामीणों के अनुसार शव लगभग 4-5 दिन पुराना है. लाश पूरी तरह से सड़ चुकी है. चेहरा बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया है. आशंका है कि युवती हत्या कर शव को साक्ष्य छुपाने के लिए झरना में फेंक दिया गया है. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गयी है.

मोबाइल को खंगाल रही पुलिस

समाजसेवी कालीराम शर्मा और पुलिस की मदद से झरने से काफी मशक्कत के बाद हाइड्रा मशीन के जरिये शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेजा गया. चिकित्सकों ने स्थिति को संदिग्ध बताते हुए शव को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. घाटशिला पुलिस ने बताया कि मामला फिलहाल संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. पुलिस युवती की पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी है. बरामद मोबाइल से शव की पहचान होगी और मौत के कारणों का राज खुलेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >