घाटशिला. घाटशिला के लालडीह स्थित माटीकला भवन में रविवार को कुंभकार प्रगतिशील समिति की ओर से वार्षिक मिलन समारोह सह वनभोज का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि कुंभकार समाज को राष्ट्रीय धारा में जोड़ने के लिए विशेष योजनाओं की जरूरत है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माटी कला बोर्ड के माध्यम से कुंभकारों को नयी दिशा देने की दिशा में कार्य कर रही है. उन्होंने इस आयोजन को समिति के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक बताते हुए आयोजन समिति की सराहना की. समिति के केंद्रीय अध्यक्ष जगदीश भकत ने पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये कुंभकार समाज के लोगों का अभिवादन किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही एकमात्र माध्यम है, जो समाज को मुख्यधारा से जोड़ सकता है. कार्यक्रम के संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन की जिम्मेदारी अनुपम कुमार भकत ने निभाई. मौके पर मनोज कुमार भकत, विजय कुमार पाल, मिहिर कुमार भकत, इंद्रदेव प्रसाद, सुदर्शन भकत, शंकर भकत, चितरंजन भकत, हेमंत कुमार भकत, गौरंगो भकत समेत अन्य मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
