घाटशिला : घाटशिला प्रखंड की काशिदा पंचायत के गहनडीह और तामुकपाल स्थित सबर बस्ती में विद्युत संयोजन देने की मांग पर सोमवार को सबरों ने विद्युत अवर प्रमंडल कार्यालय का घेराव किया. सबरों ने कार्यपालक अभियंता सरताज कुरैशी और एसडीओ की अनुपस्थिति में बड़ा बाबू को ज्ञापन सौंपा.
उन्होंने सबरों को आश्वासन दिया कि अप्रैल के प्रथम सप्ताह में गहनडीह और तामुकपाल का दौरा कर विद्युत संयोजन देने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे.चेंगजोड़ा के युवा नेता मंगल मार्डी, कांग्रेसी नेता तापस चटर्जी, सत्यजीत सीट, अर्जुन सिंह, अमित राय, शेख फारूख, मोहन मंहती के नेतृत्व में सबर कार्यालय पहुंचे थे. सबरों ने कहा कि शहर से तीन किलोमीटर की दूरी पर गहनडीह है, मगर आज तक सबर बस्ती में विद्युत नहीं पहुंची है.
सबरों ने कहा कि सरकार उनके लिए कई योजनाएं लागू कर रही है, लेकिन विद्युत विभाग उन्हें विद्युत संयोजन नहीं दे रहा है. सबरों ने विभाग से 10 खंभा और तार देने की मांग की, ताकि उनके घर तक विद्युत पहुंच सके. तामुकपाल का भी वही हाल है. तामुकपाल के ग्रामीणों ने विभाग से पांच खंभा और तार देने की मांग की.
