डीलर के घर से पिक अप वैन पर लादा गया था 35 पैकेट चावल
वैन को पुलिस जब्त कर ले गयी थाना, चालक गिरफ्तार
गुड़ाबांदा : रात के अंधेरे में राशन डीलर की ओर से वाहन पर 35 बोरा चावल लादे जाने की सूचना पर ग्रामीणों ने रातभर वाहन को घेरे रखा. मामला गुड़ाबांदा प्रखंड की मुढ़ाकांटी पंचायत के कुकरीजिझा गांव में बुधवार रात का है. ग्रामीणों का आरोप था कि राशन डीलर देवाशीष उपाध्याय कालाबाजारी के लिए पिकअप वैन (जेएच 05 बीबी 9791) पर चावल लदवा रहे थे.
ग्रामीणों से सूचना पाकर जिला परिषद सदस्य बेलवती मुर्मू और प्रमुख जोबती मुंडा ने थाने को जानकारी दी. गुरुवार की सुबह पुलिस पहुंची और चावल लदा वैन जब्त कर लिया. वहीं चालक सुबोध दास को गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में डीलर देवाशीष उपाध्याय और चालक सुबोध दास क खिलाफ मामला दर्ज हुआ है.
कई गांव के लोग थाना पहुंचे
ग्रामीणों ने बताया कि राशन डीलर ने कार्डधारियों को चावल नहीं दिया था. रात में चावल से भरी प्लास्टिक की बोरियां वैन पर लादी जा रही थी. ग्रामीणों ने वाहन को घेर लिया. डीलर पर कार्रवाई की मांग पर कई गांवों के लोग थाना पहुंचे. ग्रामीणों ने पुलिस से कहा कि डीलर कार्डधारियों को चावल और केरोसिन नहीं देता है. मौके पर अंपा मार्डी, देवऋषि महतो, बनमाली मुर्मू, गाजन मांडी, मंगल कर्मकार, जादूनाथ मुर्मू, शंभु नाथ बेहरा, माझो हांसदा, मधु सूदन महतो, सपन सिंह समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित थे.
